बलरामपुर

सरगुजा ओलंपिक: रामानुजगंज में विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता शुरू
03-Feb-2026 10:59 PM
सरगुजा ओलंपिक: रामानुजगंज में विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 3 फरवरी। सरगुजा अंचल की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित सरगुजा ओलंपिक 2026 का भव्य शुभारंभ विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्राउंड, रामानुजगंज में हुआ, जहां ओलंपिक के आधिकारिक लोगो एवं शुभंकर ‘गजरु’ का विधिवत अनावरण किया गया।

सरगुजा ओलंपिक 2026 का आयोजन बस्तर ओलंपिक की तर्ज पर किया जा रहा है। इस विशाल खेल आयोजन में सरगुजा संभाग के 6 जिलों से लगभग 3 लाख 50 हजार खिलाडिय़ों ने पंजीयन कराया है, जिनमें 1 लाख 59 हजार पुरुष एवं 1 लाख 89 हजार महिला खिलाड़ी शामिल हैं। यह आंकड़ा इस आयोजन की लोकप्रियता और व्यापक जनभागीदारी को दर्शाता है।

ओलंपिक का मुख्य उद्देश्य सरगुजा क्षेत्र के खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा और कौशल प्रदर्शन का अवसर देना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। साथ ही, इस आयोजन के माध्यम से सरगुजा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता को भी उजागर किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष मुद्रिका सिंह एवं उपाध्यक्ष सुनील तिवारी उपस्थित रहे।

 विशिष्ट अतिथियों में भाजपा मंडल रामानुजगंज अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, भाजपा वरिष्ठ नेता अरुण केशरी, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्षा तारावती सिंह, विधायक प्रतिनिधि अनोज यादव, जनपद सदस्य राजकुमार यादव शामिल रहे।

इसके अलावा उद्घाटन समारोह में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, खेल प्रशिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

अतिथियों ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की छुपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढऩे का अवसर मिलेगा। ऐसे आयोजन भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने में सहायक सिद्ध होंगे।


अन्य पोस्ट