बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर,28 दिसंबर। राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के अंतर्गत तातापानी राजकुमारी टोला में चल रहे नाली निर्माण कार्य के दौरान लापरवाही बरते जाने से पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। नाली निर्माण के लिए सडक़ किनारे गड्ढा खोदने के दौरान जेसीबी मशीन से नल-जल योजना के अंतर्गत बिछाई गई
पाइपलाइन को काट दिया गया, जिससे दर्जनों परिवारों की पानी की आपूर्ति बाधित हो गई है।
पाइपलाइन कट जाने के कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए काफी दूर जाना पड़ रहा है। कई लोगों ने बताया कि दूर से पानी लाने के बावजूद पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इस टोले में पेयजल के लिए नलकूप की व्यवस्था नहीं है और जो नलकूप मौजूद हैं, वे भी लंबे समय से खराब पड़े हुए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण कार्य के दौरान पहले भी कई बार पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है। हर बार गांव के लोग आपसी सहयोग से अस्थायी रूप से मरम्मत कराते हैं, लेकिन निर्माण एजेंसी की लापरवाही के चलते समस्या फिर से उत्पन्न हो जाती है। ग्रामीणों द्वारा संबंधित अधिकारियों को कई बार इस समस्या की सूचना दी गई, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
इस संबंध में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला महामंत्री अमरदीप मिंज ने कहा कि ठेकेदार द्वारा अत्यंत लापरवाही के साथ कार्य किया जा रहा है। नल-जल योजना के अंतर्गत बनी पाइपलाइन को बार-बार क्षतिग्रस्त किया जा रहा है, जिससे कई घरों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाइपलाइन तोडऩे के बाद ठेकेदार उसकी मरम्मत में कोई रुचि नहीं दिखा रहा है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए तथा पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो।


