बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 20 नवंबर। राष्ट्रीय ओबीसी महासभा के तत्वावधान में 21 नवंबर शनिवार को शाम 4 बजे कबीर ज्ञान मंदिर, नवधा चौक, हथनीपारा, भाटापारा में एक दिवसीय बैठक का आयोजन किया जा रहा है।
बैठक का प्रमुख विषय राष्ट्रीय जनगणना 2027 में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए पृथक जनगणना कॉलम निर्धारित करने की मांग है।
राष्ट्रीय ओबीसी महासभा का मानना है कि देश में अन्य पिछड़ा वर्ग की वास्तविक जनसंख्या, सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक स्थिति का सही आंकड़ा सामने लाने के लिए जनगणना में ओबीसी वर्ग की अलग से गणना एवं पृथक कॉलम होना अत्यंत आवश्यक है। इससे ओबीसी समाज को उसकी जनसंख्या के अनुपात में उचित प्रतिनिधित्व, अधिकार एवं भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार प्राप्त होगा।
बैठक में ओबीसी समाज के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं राजनीतिक अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय जनगणना 2027 में ओबीसी के लिए पृथक कॉलम की मांग को लेकर आगामी आंदोलन एवं जनजागरण की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
महासभा द्वारा ओबीसी समाज के सभी सामाजिक संगठनों, पदाधिकारियों, युवाओं, बुद्धिजीवियों एवं समाज के जागरूक सदस्यों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में बैठक में उपस्थित होकर समाज के अधिकारों की इस महत्वपूर्ण लड़ाई को मजबूत बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।