बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 21 नवंबर। विभिन्न मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ द्वारा किए जा रहे तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन को विधायक इन्द्र साव ने समर्थन दिया। वे आंदोलन स्थल पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से चर्चा कर उनकी मांगों की जानकारी ली।
इस अवसर पर विधायक इन्द्र साव ने कहा कि आंगनबाड़ी सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं से जुड़े पोषण एवं जनकल्याण के कार्यों में सहयोग करती हैं। उन्होंने कहा कि सहायिकाओं की मांगों को संबंधित अधिकारियों और शासन के समक्ष उठाया जाएगा।
विधायक ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए सरकार को उनकी मांगों पर विचार करना चाहिए। उन्होंने आंदोलनरत कर्मचारियों को उनकी बात शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। धरना स्थल पर आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक गणेश सिंह ध्रुव ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक ध्रुव, मुकेश साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की जिलाध्यक्ष सतरूपा ध्रुव, जिला संरक्षक प्रकाश जाधव, जिला सचिव जीवन यादव, ब्लॉक अध्यक्ष राजश्री साहू, डूमरेश, इंदू ध्रुव, सविता वर्मा, सुरेखा रावत, मालती, भारती, कुसुमलता, माधुरी, ममता, चंचल और राखी वैष्णव सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
ये हैं संघ की प्रमुख मांगें
छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का नियमितीकरण शामिल है। नियमितीकरण होने तक प्रतिमाह 30 हजार रुपये मानदेय देने की मांग की गई है।
संघ ने बिना परीक्षा और आयु सीमा में छूट के साथ 200 से अधिक रिक्त पर्यवेक्षक पदों पर कार्यकर्ताओं को 50 प्रतिशत पदोन्नति देने तथा सहायिकाओं को कार्यकर्ता पद पर शत-प्रतिशत पदोन्नत करने की मांग की है। इसके अलावा सेवानिवृत्ति के बाद कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को 10 लाख रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता देने, पोषण ट्रैकर सहित विभागीय ऐप के संचालन के लिए बेहतर मोबाइल फोन उपलब्ध कराने और इंटरनेट भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिमाह करने की मांग रखी गई है। संघ ने मानदेय और प्रोत्साहन राशि के भुगतान में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं का समाधान करने तथा महतारी वंदन योजना के कार्यों के लिए अलग से प्रोत्साहन राशि देने की मांग भी की है।
आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित मांगों में जर्जर भवनों का जीर्णोद्धार, टीवी, पंखे और कूलर की व्यवस्था, बच्चों को नि:शुल्क यूनिफॉर्म और पर्याप्त खिलौने उपलब्ध कराना शामिल है। संघ ने पूरक पोषण आहार में रेडी-टू-ईट के स्थान पर गुणवत्तायुक्त पोषण आहार देने तथा गैस सिलेंडर की रिफिलिंग विभाग द्वारा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इसके अलावा गर्म भोजन के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले चावल में कटौती और बचत का स्पष्ट विवरण सार्वजनिक करने की मांग भी रखी गई है।