बलौदा बाजार

शराब दुकान में 20 लाख की हेराफेरी का आरोप, सेल्समैन फरार
19-Nov-2026 8:07 PM
 शराब दुकान में 20 लाख की हेराफेरी का आरोप, सेल्समैन फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 19 नवंबर। जिले के गिधपुरी स्थित शासकीय कंपोजिट शराब दुकान में 20 लाख रुपये से अधिक की राशि के कथित गबन का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान में पदस्थ सेल्समैन ने दीपावली के दौरान शराब बिक्री से प्राप्त रकम में हेराफेरी की और राशि लेकर फरार हो गया। मामले में प्लेसमेंट एजेंसी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

 गिधपुरी स्थित कंपोजिट शराब दुकान में देवेंद्र बंजारे सेल्समैन के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि दीपावली के दौरान शराब बिक्री से प्राप्त रकम में लगातार हेराफेरी की गई। 13 नवंबर को विभागीय अधिकारियों ने दुकान पहुंचकर बिक्री की राशि और लेखा-जोखा का मिलान किया। इस दौरान 20 लाख रुपये से अधिक की राशि का हिसाब नहीं मिला। गड़बड़ी सामने आने के बाद संबंधित सेल्समैन दुकान से गायब हो गया।

इसके बाद प्लेसमेंट कंपनी के संचालक रजनीश साव ने गिधपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी देवेंद्र बंजारे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की पतासाजी के लिए साइबर सेल और तकनीकी टीम की मदद ले रही है।


अन्य पोस्ट