बलौदा बाजार

आंबा कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ की काला दिवस रैली को शैलेश नितिन त्रिवेदी ने दिया समर्थन
19-Nov-2026 6:35 PM
आंबा कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ की काला दिवस रैली को शैलेश नितिन त्रिवेदी ने दिया समर्थन

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलौदाबाजार, 19 नवंबर।
छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आयोजित काला दिवस रैली एवं आंदोलन को समर्थन देने पूर्व पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी पहुंचे।

इस दौरान त्रिवेदी ने आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा मातृ-शिशु देखभाल जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करती हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने संघ की जायज मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उनके कार्य के अनुरूप सम्मानजनक मानदेय, बेहतर सुविधाएं एवं सामाजिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही इन बहनों की आवाज को सरकार को गंभीरता से सुनना चाहिए तथा उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करना चाहिए।

त्रिवेदी ने आश्वस्त किया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के अधिकारों और उनकी जायज मांगों के समर्थन में कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

इस अवसर पर प्रवीण सेन, अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी बलौदाबाजार, गोल्डी मारईया , मंडल अध्यक्ष बलौदाबाजार, नीरज बांधे , प्रभारी महामंत्री शहर कांग्रेस कमेटी, शाश्वत यादव, विशाल, दिगंबर साहू, महामंत्री शहर कांग्रेस कमेटी सहित कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के संघर्ष के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए उनकी जायज मांगों का समर्थन किया।


अन्य पोस्ट