बलौदा बाजार

गोपाष्टमी कार्यक्रम में शिवरतन व नपाध्यक्ष हुए शामिल
17-Nov-2026 8:45 PM
गोपाष्टमी कार्यक्रम में शिवरतन व नपाध्यक्ष हुए शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 17 नवंबर। गोपाष्टमी के अवसर पर सुरभि गोधाम समिति द्वारा गौपूजन एवं अन्नकूट प्रसादी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, अखिल भारतीय संत समिति के प्रदेश अध्यक्ष संत रामरूप दास महात्यागी तथा नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सपत्नीक शामिल हुए।

अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गौमाता का पूजा-अर्चना किया और नगरवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद अन्नकूट प्रसादी में सहभागिता की। पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि गौमाता का भारतीय संस्कृति और परंपरा में विशेष स्थान है। गौवंश का संरक्षण और सेवा समाज की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सुरभि गोधाम समिति के प्रयासों की सराहना की।

संत रामरूप दास महात्यागी ने कहा कि गौसेवा करुणा, त्याग और परोपकार का प्रतीक है। उन्होंने निराश्रित गौवंश की देखभाल और संरक्षण के लिए सभी से आगे आने का आह्वान किया।

नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि जीवमात्र के प्रति संवेदना और समर्पण का भाव है। उन्होंने गौमाता की सेवा एवं संरक्षण को सभी का सामाजिक दायित्व बताया।

कार्यक्रम में सुरभि गोधाम समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, सभापति, पार्षद, श्रद्धालु, पालिका कर्मचारी और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन का समापन गौमाता के जयकारों और अन्नकूट प्रसादी वितरण के साथ हुआ।


अन्य पोस्ट