बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 16 नवंबर। चार दिनों तक चले छठ महापर्व का सोमवार सुबह पिपरा तालाब में उगते सूर्य को अघ्र्य देने के साथ समापन हुआ। 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाले महिला एवं पुरुष व्रतियों ने भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
तडक़े सुबह से ही व्रती महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में पूजा की सामग्री लेकर तालाब पहुंचे। सूर्य की पहली किरण के साथ श्रद्धालुओं ने अघ्र्य अर्पित किया। इस दौरान पूरा घाट छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से गूंज उठा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन भी पिपरा तालाब पहुंचे। उन्होंने व्रतधारियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
छठ पूजा मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मनाई जाती है। अब छत्तीसगढ़ सहित देश के अन्य राज्यों में भी इस पर्व का आयोजन होता है। बलौदाबाजार में बसे बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के परिवार अपनी इस परंपरा को वर्षों से निभा रहे हैं। आयोजन में स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए।
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत रखा जाता है। तीसरे दिन अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाता है।
पूजा में बांस के सूप और दउरा में नारियल, गन्ना, केला, अन्य फल तथा घर में तैयार ठेकुआ प्रसाद रखा जाता है। छठ पूजा में महिलाएं और पुरुष दोनों व्रत रखकर परंपरा का निर्वहन करते हैं।
पिपरा तालाब में आयोजित पूजा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाया। स्थानीय लोगों की सहभागिता ने आयोजन को सामाजिक मेलजोल और भाईचारे का अवसर भी बनाया।