बलौदा बाजार

रामसागर तालाब में घरों का गंदा पानी, अवैध कब्जे का भी आरोप
02-Nov-2026 7:36 PM
 रामसागर तालाब में घरों का गंदा पानी, अवैध कब्जे का भी आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 2 नवंबर। बलौदाबाजार में सिंचाई विभाग द्वारा रामसागर तालाब को भरने नगर पालिका की मांग पर पानी छोड़ा गया है, जो शहर के नागरिकों के घरों से निकलने वाले गंदे पानी को लेते हुए बलौदाबाजार के रामसागर तालाब में जा रहा है।

इससे संक्रमण फैलने की आशंका है। वहीं शहर में तेज बहाव की वजह से नहर का गंदा पानी मोहल्ले की सडक़ों, गलियों से होते हुए लोगों के घरों में घुस गया, जिससे लोग परेशान हो गए हैं।

नहर के उपर लोगों ने अवैध कब्जा करते हुए आलीशान मकान भी बना लिया है पर अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे।  मोहल्लेवासियों ने बताया कि समस्या काफी पुरानी है। हमने अनेकों बार नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षद सहित प्रशासन को समस्या से अवगत कराया है पर कोई सुध नहीं ले रहा है।

मोहल्ले के लोगों के अनुसार, हाल ही में रात के समय अचानक नहर में पानी का बहाव तेज हो गया। इसके बाद गंदा पानी मोहल्ले की सडक़ों और गलियों में फैल गया तथा कुछ घरों के भीतर तक पहुंच गया। इससे लोगों को रात में ही परेशानी का सामना करना पड़ा।

लोगों का आरोप है कि नहर के आसपास अतिक्रमण और पक्के निर्माण के कारण पानी का प्राकृतिक बहाव बाधित हुआ है।

सिंचाई विभाग के कार्यपालन अभियंता वी.के. सिरमौर ने बताया कि नगरपालिका की मांग पर रामसागर तालाब को भरने के लिए नहर में पानी छोड़ा गया है। उन्होंने स्वीकार किया कि नहर पर लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर घरों का गंदा पानी छोड़ा जा रहा है। इस संबंध में नगरपालिका को पहले भी पत्र लिखा जा चुका है।


अन्य पोस्ट