बलौदा बाजार
साय ने दिया हरसंभव सहयोग का आश्वासन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 1 नवंबर। भाटापारा की 107 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक रामलीला को संरक्षित और विकसित करने की दिशा में पहल हुई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा के नेतृत्व में आदर्श रामलीला नाटक मंडली, भाटापारा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर रामलीला के विकास और विस्तार को लेकर चर्चा की।
श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि भाटापारा में वर्ष 1918 से आदर्श रामलीला नाटक मंडली द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का मंचन किया जा रहा है। 107 वर्षों से यह परंपरा जनसहयोग और श्रद्धालुओं के योगदान से निरंतर जारी है। रामलीला भाटापारा की सांस्कृतिक पहचान होने के साथ ही क्षेत्र की धार्मिक आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
प्रतिनिधिमंडल ने रामलीला मंच और आयोजन स्थल के विकास, आवश्यक सुविधाओं के विस्तार तथा मंचन को और बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखा। समिति के सदस्यों ने कहा कि सरकारी सहयोग मिलने से इस ऐतिहासिक परंपरा को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और इसके संरक्षण में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और 107 वर्ष पुरानी इस सांस्कृतिक परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्राचीन सांस्कृतिक और धार्मिक विरासतों को संरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर आदर्श रामलीला नाटक मंडली के अध्यक्ष प्रकाश शर्मा, सचिव कोमल शर्मा, सहसचिव बजरंग लाल चौरसिया और कोषाध्यक्ष संदीप मल उपस्थित थे।
कर्मचारियों-पेंशनरों को जुलाई से मिले 63 फीसदी महंगाई भत्ता-मांग
भाटापारा, 1 नवंबर। पेंशनर्स एसोसिएशन ने छत्तीसगढ़ सरकार से महंगाई भत्ते के मामले में अपनी घोषणा में संशोधन करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यदि राज्य सरकार फिलहाल केंद्र के समान 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने में असमर्थ है, तो कम से कम मध्यप्रदेश सरकार की तर्ज पर जुलाई से महंगाई भत्ता देने की घोषणा करे। संगठन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से कर्मचारियों और पेंशनरों को जुलाई से ही बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता देने की मांग की है। पेंशनर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ प्रदेश तहसील शाखा भाटापारा ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को महंगाई भत्ता देने में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से ज्यादा उदार हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने प्रदेश के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को जुलाई से दो प्रतिशत मंहगाई भत्ता देने की घोषणा की है। जबकि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के कर्मचारियों को पेंशनरों को नवम्बर से मंहगाई भत्ता देने की घोषणा की है।
संगठन ने कहा है कि यदि छत्तीसगढ़ सरकार फिलहाल केन्द्रीय सरकार की तरह तिरसठ प्रतिशत मंहगाई भत्ता नहीं दे पाती है। तो कम से कम मध्यप्रदेश सरकार की तरह जुलाई से मंहगाई भत्ता देने की घोषणा कर दें। संगठन ने छत्तीसगढ़ सरकार से पुरजोर मांग की है कि छत्तीसगढ़ सरकार अपनी घोषणा में सुधार कर जुलाई से ही महंगाई भत्ता देने की घोषणा करें।