बलौदा बाजार
किसान-पशुपालकों को सावधानी की सलाह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 26 अक्टूबर। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 29 अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों में आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव ने संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों की पहचान कर बचाव के इंतजाम करने और जनहानि रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने होमगार्ड, एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रखने, जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रखने तथा गांवों में मुनादी के जरिए लोगों को सावधान करने के निर्देश दिए। बिजली, दूरसंचार और चिकित्सा सेवाएं सुचारु रखने के साथ सडक़ों पर पेड़ गिरने की स्थिति में तत्काल हटाने की व्यवस्था करने को भी कहा। जरूरत पडऩे पर स्कूल और आंगनबाड़ी बंद करने के निर्देश दिए गए।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की आशंका है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिला एवं तहसील स्तर पर नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने और संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को बारिश के दौरान कीटनाशक और कवकनाशक का छिडक़ाव नहीं करने तथा रोग-कीट नियंत्रण के लिए मौसम साफ होने का इंतजार करने की सलाह दी है।
रबी फसलों की बुवाई मौसम की स्थिति को देखते हुए नवंबर के प्रथम सप्ताह से शुरू करने का सुझाव दिया गया है। सब्जी एवं फल उत्पादकों को खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने, लता वाली सब्जियों को सहारा देने तथा केले और फलदार वृक्षों को तेज हवा से बचाने के इंतजाम करने को कहा गया है।
पशुपालकों को पशुओं को सुरक्षित एवं सूखे स्थानों पर रखने, पेड़ों के नीचे या खुले स्थानों पर बांधने से बचने तथा सूखे चारे और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।