बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 24 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि किसानों में इस बात को लेकर नाराजगी है जिसमें सरकार ने रबी फसल में धान लगाने पर पाबंदी लगाने का ऐलान किया हैं। नदी किनारे बसे की फसल बाढ़ में डूब जाने के कारण पूरी तरह खराब हो जाने से भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा हैं। वहीं फसल बीमा योजना में डुबान से क्षतिपूर्ति का कोई प्रावधान नहीं हैं।
श्री शर्मा ने आगे कहा कि गर्मी के धान से मंडियां चलती है, क्योंकि खरीफ की फसल तो समर्थन मूल्य के कारण सरकार खरीद लेती हैं। मंडी और राइस मिल में हजारों मजदूर काम करते हैं और उसी से उनकी रोजी-रोटी चलती हैं। ऐसी स्थिति में सरकार को पुनर्विचार करना चाहिए क्योंकि महंगाई और खर्च इतनी ज्यादा है कि एक फसल में किसानों का जीवनयापन भी संकटमय में हो जाएगा। वहीं सरकार ने धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू करने का फैसला किया है जबकि विपक्ष में थे तब 1 नवंबर से खरीदी की मांग किया करते थे। इस फैसले से अर्ली वैरायटी के धान उत्पादकों को मजबूरी में सस्ते दामों में धान बेचना पड़ रहा हैं।
इसी तरह बिजली विभाग की मनमानी भी किसानों के लिए दुखदाई हो गया हैं। किसानों का कनेक्शन कई हिस्से से बांट दिया गया हैं। पर्याप्त आपूर्ति न होने के कारण सिंचाई अबाध रूप से नहीं हो पाती। सरकार खाद बीज, बिजली किसी भी समुचित आपूर्ति करने में असफल हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गर्मी के धान खरीदने की घोषणा चुनाव के पहले किया था, अब गर्मी में धान लगाने पर भी रोक लगा रहे हैं। यह किसानों के साथ सरासर अन्याय हैं।