बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 24 अक्टूबर। शिवा रेसिडेंसी कॉलोनी, सोनपुरी रोड, बलौदाबाजार में सोने-चांदी के जेवर चोरी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मामले में एक महिला, चार पुरुष और चार नाबालिगों सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए गए हैं।
प्रार्थी तुलसी चरण जायसवाल निवासी - शिवा रेसिडेंसी कॉलोनी, सोनपुरी रोड, बलौदाबाजार ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 से 20 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात लोगों ने उनके घर का ताला तोडक़र अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण और सिक्के (कुल कीमत 3,16,000) चोरी कर लिए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने दबिश देकर 1 महिला, 4 पुरुष और 4 विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा।
सभी आरोपियों रितेश कुमार पाढ़ी, हेमनाथ यादव उर्फ गोलू उर्फ टप्पू, प्रियांशु साहू उर्फ लक्की, युवराज दुलानी उर्फ युवी, सृष्टि उर्फ डाली ठाकुर सभी निवासी बलौदाबाजार और 4 नाबालिगों को 23 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।