बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 23 अक्टूबर। बलौदाबाजार में समीक्षा बैठक के दौरान वरिष्ठ अधिकारी के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार करने और अशोभनीय भाषा का प्रयोग करने के मामले में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के उप संचालक ए.एल. बांधे पर निलंबन की गाज गिरी है। आवास एवं पर्यावरण विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।
आवास एवं पर्यावरण विभाग, मंत्रालय नवा रायपुर से जारी आदेश के अनुसार, यह कार्रवाई कलेक्टर बलौदाबाजार-भाटापारा के 13 अक्टूबर 2026 को भेजे गए ज्ञापन के आधार पर की गई है। समीक्षा बैठक के दौरान वरिष्ठ अधिकारी के साथ अनुचित व्यवहार और अशोभनीय भाषा के प्रयोग को शासन ने गंभीरता से लिया।
शासन ने संबंधित आचरण को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 का उल्लंघन मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 (1) के तहत निलंबन का आदेश जारी किया है।
16 अक्टूबर को जारी आदेश के तहत निलंबन अवधि के दौरान उप संचालक ए.एल. बांधे का मुख्यालय नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। आदेश अवर सचिव, छत्तीसगढ़ शासन, आवास एवं पर्यावरण विभाग की ओर से जारी किया गया है। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि शासकीय बैठकों में अनुशासनहीनता और सेवा आचरण के नियमों के उल्लंघन को शासन गंभीरता से ले रहा है। प्रशासनिक व्यवस्था में अधिकारियों से निर्धारित आचरण और मर्यादा बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है।