बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 19 अक्टूबर। नवरात्रि पर्व के अवसर पर बलौदाबाजार के सिविल लाइन क्षेत्र में अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर एक भव्य दुर्गा पंडाल का निर्माण किया गया है, जो श्रद्धालुओं के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पंडाल की आकर्षक सजावट और प्रतिमाओं के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
इस पंडाल में मां दुर्गा और मां काली के साथ-साथ अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। साथ ही, परिसर के बाहर भगवान कृष्ण की लीलाओं पर आधारित झांकियां भी प्रदर्शित की गई हैं।
शाम के समय धार्मिक आयोजनों और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहती है।
आयोजन के संबंध में समिति के अध्यक्ष चितावर जायसवाल ने जानकारी दी कि इस प्रकार के आयोजनों की रूपरेखा लगभग छह महीने पहले से तैयार की जाती है। इस संपूर्ण दुर्गोत्सव आयोजन की अनुमानित लागत करीब 25 लाख रुपये है, जिसे समिति के सदस्यों और स्थानीय सहयोग से पूरा किया जाता है।