बलौदा बाजार

सडक़ पर दुकानदारी-बेतरतीब पार्किंग, यातायात व्यवस्था चरमराई
19-Oct-2026 7:39 PM
सडक़ पर दुकानदारी-बेतरतीब पार्किंग, यातायात व्यवस्था चरमराई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 19 अक्टूबर। त्योहारी सीजन नजदीक आने के साथ ही बलौदाबाजार के प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढऩे लगी है, जिसके चलते शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। मंडी रोड, गोल बाजार, सदर रोड और गांधी चौक से नेहरू चौक तक के मार्गों पर जाम होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों के अनुसार, दुकानों के बाहर सामान फैलाए जाने और सडक़ किनारे बेतरतीब वाहन पार्किंग के कारण मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे यातायात की गति धीमी पड़ जाती है।

 चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक गौरव राय से भेंट कर ज्ञापन सौंपा है, जिसमें बाईपास व अन्य स्थानों पर चेकिंग और चालानी कार्रवाई के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्राहकों को होने वाली कठिनाइयों का मुद्दा उठाया गया है। चैंबर का कहना है कि इससे स्थानीय व्यापार पर भी असर पड़ रहा है।

जिला बनने के 14 वर्ष बाद भी शहर में स्थायी पार्किंग स्थल विकसित न होने के कारण वाहन चालकों को असुविधा होती है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि नगर पालिका के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई गई है। त्योहारों के दौरान भीड़ नियंत्रित करने के लिए मस्जिद परिसर के पीछे और देवरहा तालाब के पास पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं, तथा बाजारों के भीतर चार पहिया वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेड्स व स्टॉपर लगाए जा रहे हैं।


अन्य पोस्ट