बलौदा बाजार

जिला अस्पताल में एक माह से सोनोग्राफी सेवा बंद, मरीजों को हो रही असुविधा
19-Oct-2026 7:36 PM
जिला अस्पताल में एक माह से सोनोग्राफी सेवा बंद, मरीजों को हो रही असुविधा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 19 अक्टूबर। जिला चिकित्सालय में सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध होने के बावजूद पिछले एक महीने से यह सेवा बंद पड़ी है, जिससे जांच के लिए आने वाले मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, जब सोनोग्राफी सेवा सुचारू रूप से संचालित हो रही थी, तब प्रतिदिन लगभग 40 से 50 मरीज जांच के लिए पहुंचते थे। पूर्व में तैनात डॉक्टरों के कार्यकाल पूर्ण होने या अन्य कारणों से सेवा समाप्त होने के बाद, विशेषज्ञ चिकित्सक की अनुपलब्धता के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है। मानदेय और अन्य कारणों से नए चिकित्सकों की नियमित नियुक्ति न हो पाने के कारण मशीन के संचालन में बाधा आ रही है।

मरीजों की बढ़ी परेशानी

सोनोग्राफी सेवा ठप होने से विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और अन्य जरूरतमंद मरीजों को असुविधा हो रही है। समय पर जांच न हो पाने के कारण कई मरीजों को निजी जांच केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे उनके चिकित्सीय खर्च में वृद्धि हो रही है। नागरिकों और मरीजों द्वारा जिला अस्पताल में अविलंब वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की जा रही है।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने इस संबंध में जानकारी दी कि विशेषज्ञ डॉक्टर की कमी के कारण फिलहाल सोनोग्राफी सेवा बंद है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थानीय स्तर पर चिकित्सक की व्यवस्था करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द सोनोग्राफी सेवा पुन: प्रारंभ की जा सके।


अन्य पोस्ट