बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 19 अक्टूबर। राज्य शासन द्वारा यात्री बसों के किराए में संशोधन लागू कर दिया गया है, जिसके तहत साधारण बसों का प्रति किलोमीटर भाड़ा 1.25 रुपये से बढ़ाकर 1.75 रुपये कर दिया गया है। ॉ
नई दरों के अनुसार साधारण बसों का शुरुआती 5 किलोमीटर का न्यूनतम किराया 10 रुपये निर्धारित किया गया है। इस वृद्धि से 100 किलोमीटर की यात्रा पर यात्रियों को लगभग 50 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे। जिले से प्रतिदिन रायपुर, बिलासपुर और महासमुंद की ओर बड़ी संख्या में यात्री, विद्यार्थी और मरीज यात्रा करते हैं। नई दरें लागू होने के बाद यात्रियों द्वारा बसों में मिलने वाली सुविधाओं और रख-रखाव को लेकर भी चर्चा की जा रही है।
ओवरचार्जिंग पर कार्रवाई की चेतावनी
जिला परिवहन अधिकारी मोहनलाल साहू ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई बस संचालक या परिचालक निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूलता है अथवा पात्र श्रेणियों को नियमानुसार छूट देने से मना करता है, तो मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों के तहत संबंधित परमिट धारक और परिचालक के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।