बलौदा बाजार

डीएनए रिपोर्ट से सुलझी सिंगारपुर के अंधे कत्ल की गुत्थी, आरोपी बंदी
17-Oct-2026 7:54 PM
डीएनए रिपोर्ट से सुलझी सिंगारपुर के अंधे कत्ल की गुत्थी, आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 17 अक्टूबर। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगारपुर में राजाराम साहू उर्फ चोंटी की हत्या में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। राज्य फॉरेंसिक साइंस प्रयोगशाला (एसएफएसएल), रायपुर से प्राप्त डीएनएजांच रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच पूरी की गई। जांच में आरोपी के कपड़ों और लकड़ी के डंडे पर मिले खून के धब्बों का डीएनए मृतक के डीएनए प्रोफाइल से मिलान होने की पुष्टि हुई है।

थाना प्रभारी हेमंत पटेल ने बताया कि ग्राम सिंगारपुर में राजाराम साहू की हत्या के मामले में भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने विवेचना की। जांच के दौरान मृतक और आरोपी के बीच पुरानी रंजिश की जानकारी मिली।

आरोपी के कपड़ों और घटना में प्रयुक्त डंडे को फॉरेंसिक जांच के लिए एसएफएसएल रायपुर भेजा गया था। डीएनए रिपोर्ट में इन वस्तुओं पर मिले रक्त के नमूनों का मृतक के डीएनए प्रोफाइल से मिलान होने की पुष्टि होने के बाद, आरोपी रामप्रसाद साहू से पूछताछ की गई और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेजा गया है। मामले में वैज्ञानिक एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना 19 सितंबर 2026 की रात की है। ग्राम सिंगारपुर में बड़े तालाब के पास राजाराम साहू का शव प्राप्त हुआ था, जिनके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति द्वारा पत्थर और डंडे से हमला किए जाने की बात सामने आई थी। प्रार्थी सुखदेव साहू की रिपोर्ट पर भाटापारा ग्रामीण थाने में अपराध क्रमांक 556/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता  की धारा 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

आपसी विवाद और पुरानी रंजिश की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस और स्पेशल साइबर सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही मृतक के परिचितों और आसपास के लोगों से जानकारी एकत्र की।

जांच के दौरान पुलिस को मृतक राजाराम साहू और गांव के ही रामप्रसाद साहू के बीच पूर्व से विवाद होने की जानकारी मिली। इसी आधार पर पुलिस ने रामप्रसाद को पूछताछ के लिए लिया। 21 सितंबर को हिरासत में लिए जाने पर आरोपी ने घटना में शामिल होने से इनकार किया था, जिसके बाद पुलिस ने भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्यों को आधार बनाते हुए जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़ों और एक लकड़ी के डंडे को जब्त कर रासायनिक एवं जैविक परीक्षण के लिए राज्य फॉरेंसिक साइंस प्रयोगशाला, रायपुर भेजा था।

डीएनए जांच रिपोर्ट और गिरफ्तारी

थाना प्रभारी हेमंत पटेल के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को एसएफएसएल रायपुर से डीएनए जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें आरोपी के कपड़ों और लकड़ी के डंडे पर मिले रक्त के नमूनों का डीएनए मृतक राजाराम साहू के डीएनए प्रोफाइल से मेल खाने की बात सामने आई।

इस फॉरेंसिक साक्ष्य के आधार पर 14 अक्टूबर को पुलिस और साइबर सेल की टीम ने आरोपी से पुन: पूछताछ की, जिसके पश्चात रामप्रसाद साहू ने पुरानी रंजिश के चलते राजाराम साहू पर पत्थर और डंडे से हमला करने की बात स्वीकार की। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेजा गया है।

जब्त सामग्री एवं पुलिस टीम

पुलिस द्वारा इस मामले में घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और आरोपी के खून के धब्बे लगे कपड़े जब्त किए गए हैं। इस संपूर्ण कार्रवाई और साक्ष्य संकलन में भाटापारा ग्रामीण थाना तथा साइबर सेल के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।


अन्य पोस्ट