बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 17 अक्टूबर। बलौदाबाजार-सुहेला सडक़ और रिसदा बायपास निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शुक्रवार को दोनों प्रमुख सडक़ों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बलौदाबाजार-सुहेला मार्ग पर निर्माण कार्य की गति धीमी पाई गई तथा धूल से हो रही असुविधा पर कलेक्टर ने असंतोष व्यक्त किया। वहीं, रिसदा बायपास पर निर्माण कार्य बंद मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि बलौदाबाजार-सुहेला मार्ग का निर्माण बजट स्वीकृति मिलने के पश्चात प्रारंभ हुआ है, किंतु निर्माण के दौरान उड़ती धूल के कारण राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अरविंद शर्मा, लोक निर्माण विभाग (संभाग) के कार्यपालन अभियंता अनुज शर्मा सहित जिले के तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे।
नियमित जल छिडक़ाव और 15 दिनों की कार्ययोजना का निर्देश
कलेक्टर ने बलौदाबाजार से सुहेला के बीच निर्माण की स्थिति का अवलोकन करते हुए ठेकेदार को निर्देश दिया कि मार्ग पर पानी के टैंकरों की संख्या बढ़ाई जाए और सुबह से शाम तक नियमित जल छिडक़ाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जन को धूल से राहत मिल सके। इसके साथ ही, कार्य की गति बढ़ाने के लिए मौके पर आवश्यक मशीनरी, पेवर और श्रमिकों की संख्या में वृद्धि करने तथा 15 दिनों की वर्क प्लान रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए।
भूमि विवाद के समाधान हेतु अधिकारियों को निर्देश
रिसदा बायपास के निरीक्षण के समय कार्य बंद पाए जाने पर अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि ग्राम पंचायत कुकुरडीह के सरपंच द्वारा भूमि संबंधी तकनीकी आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं, जिसके कारण कार्य बाधित है। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम और तहसीलदार को तत्काल हस्तक्षेप कर विवाद का निराकरण कराने के निर्देश दिए ताकि निर्माण कार्य पुन: प्रारंभ हो सके।
पैचवर्क और सिमगा कॉरिडोर कार्य में तेजी लाने के आदेश
निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने बलौदाबाजार-सुहेला मार्ग के बीच छूटे हुए गड्ढों और पैचवर्क को प्राथमिकता के आधार पर भरने के निर्देश दिए, जिससे आवागमन सुगम हो सके। इसके साथ ही सुहेला से सिमगा मार्ग पर जारी निर्माण कार्य में भी तेजी लाने के आदेश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए।-