बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 11 अक्टूबर। कमांडिंग ऑफिसर, बीएन एनसीसी बिलासपुर के निर्देशन एवं शासकीय डी.के. कला एवं वाणिज्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलौदाबाजार के प्राचार्य के मार्गदर्शन में महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स द्वारा भारतीय वायु सेना दिवस उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैडेट्स द्वारा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने भारतीय वायु सेना की स्थापना, गौरवशाली उपलब्धियों, शौर्यगाथाओं तथा देश की सीमाओं की रक्षा में वायु योद्धाओं के योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
इसके साथ ही कैडेट्स ने पोस्टर निर्माण एवं प्रदर्शन के माध्यम से भारतीय वायु सेना की वीरता, अनुशासन, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। पोस्टरों के माध्यम से वायु सेना के गौरवशाली इतिहास तथा देश की संप्रभुता और सुरक्षा के लिए किए गए अदम्य प्रयासों को दर्शाया गया।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने भारतीय वायु सेना के वीर जवानों के त्याग, समर्पण और अदम्य साहस को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को देश के सशस्त्र बलों की गौरवशाली परंपरा और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एनसीसी अधिकारियों एवं कैडेट्स का महत्वपूर्ण योगदान रहा।