बलौदा बाजार

अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट कुकुरडीह में दुर्गंध की शिकायत पर औचक जांच, नोटिस
10-Oct-2026 7:31 PM
अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट कुकुरडीह में दुर्गंध की शिकायत पर औचक जांच, नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 10 अक्टूबर। बलौदाबाजार जिले में ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, कुकुरडीह के खिलाफ जांच के निर्देश दिए। इसके बाद शुक्रवार 9 अक्टूबर को गठित संयुक्त जांच दल ने प्लांट का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कारखाने में संग्रहित अपशिष्ट पदार्थों (कचरे) के रख-रखाव में कमियां पाए जाने पर प्रबंधन को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत की थी कि, प्लांट में अपशिष्ट पदार्थों के उचित रख-रखाव के अभाव में आसपास के इलाके में तेज दुर्गंध फैल रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त दल ने कारखाने में स्थापित शेड का निरीक्षण किया और वहां संग्रहित अपशिष्ट पदार्थों के संबंध में जानकारी जुटाई।

निरीक्षण के दौरान अपशिष्ट पदार्थों के बेहतर रख-रखाव और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर प्लांट प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही, पाई गई कमियों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, नोटिस में उल्लेखित कमियों को दूर नहीं किए जाने पर कारखाना प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों की शिकायत के बाद हुई इस कार्रवाई से अब प्लांट प्रबंधन की जवाबदेही तय करने पर प्रशासन का जोर है।


अन्य पोस्ट