बलौदा बाजार

सेवा संकल्प अभियान : आंगन तक पहुंचे नपाध्यक्ष, सुनीं माताओं की बात
06-Oct-2026 7:51 PM
सेवा संकल्प अभियान : आंगन तक पहुंचे नपाध्यक्ष, सुनीं माताओं की बात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 6 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत भाटापारा के विभिन्न वार्डों में ‘आंगन मिलन सेवा उत्सव एवं सम्मान कार्यक्रम’ आयोजित किए गए। माता देवालय, संत कंवरराम, स्टेशन और हेमू कल्याणी वार्ड के संयुक्त आयोजन में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 तथा मुंशी स्माइल वार्ड में पहुंचकर माताओं, बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा बहनों से संवाद किया।

 उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और प्रारंभिक विकास से जुड़ी जरूरतों की जानकारी ली तथा महिलाओं की स्थानीय समस्याएं सुनीं। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताते हुए कहा कि आंगनबाड़ी बच्चों के भविष्य की पहली नींव है। उनके स्वस्थ और खुशहाल बचपन के लिए परिवार, आंगनबाड़ी, समाज और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

 मुंशी स्माइल वार्ड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा बहनों का सम्मान किया गया। श्री शर्मा ने कहा कि मातृ स्वास्थ्य, बाल पोषण और शासन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। विपरीत परिस्थितियों में भी सेवा भाव से कार्य करने वाली इन बहनों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है।

 कार्यक्रम में महिलाओं ने क्षेत्र की समस्याएं और आवश्यकताएं साझा कीं। अध्यक्ष ने स्थानीय स्तर पर आवश्यक सहयोग और सुविधाएं बेहतर करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी बात सुनना ही जनसेवा की वास्तविक शुरुआत है।

 उन्होंने कहा कि भाटापारा का विकास केवल सडक़, नाली और भवनों तक सीमित नहीं है। हर बच्चे को स्वस्थ वातावरण, हर मां को आवश्यक सहयोग और सेवा करने वालों को सम्मान मिले, यही सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य है।

 कार्यक्रम में नगर पालिका सभापति गोविंद पटेल, पार्षद सतीश तलरेजा, नंदू वैष्णव, चंद्रशेखर चक्रधारी, शुभम सिंह राजपूत, व्यास यदु, आशीष जायसवाल, शिवकुमार यादव, बिना राय सहित माताएं, बहनें और अन्य नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट