बलौदा बाजार

रामसागर तालाब के गहरीकरण के बाद पैठू से आ रहा नाली का बदबूदार पानी, नगरवासियों में रोष
05-Oct-2026 8:41 PM
रामसागर तालाब के गहरीकरण के बाद पैठू से आ रहा नाली का बदबूदार पानी, नगरवासियों में रोष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 5 अक्टूबर। बलौदाबाजार नगर पालिका द्वारा निजी सीमेंट संयंत्र के सहयोग से रामसागर तालाब का गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कराया गया था। हालांकि, अत्यधिक बारिश के बावजूद तालाब न भरने पर पालिका द्वारा इसे पैठू (आवक नाले) के माध्यम से भरा जा रहा है। पैठू की सफाई न होने के कारण अत्यधिक काला व दुर्गंधयुक्त पानी तालाब में समाहित हो रहा है, जिससे आसपास के 4-5 वार्डों के निवासियों में पालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति तीव्र आक्रोश व्याप्त है।

 नगरवासियों के अनुसार, रामसागर तालाब कभी अपने स्वच्छ जल के लिए जाना जाता था और इसका उपयोग भोजन पकाने तक के लिए होता था। उचित रखरखाव न होने से यह प्रदूषित हो चुका था। गहरीकरण के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि तालाब पुराना स्वरूप हासिल करेगा, परंतु वर्तमान में नाली का बदबूदार पानी आने से गहरीकरण का औचित्य समाप्त हो रहा है।

 सुशासन तिहार के दौरान चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष लक्ष्मी साहू ने कलेक्टर को आवेदन देकर गंदे पानी की निकासी हेतु स्लूज गेट लगाने और 14 नंबर नहर नाली से ह्यूम पाइप बिछाकर डबरी के किनारे से तालाब तक स्वच्छ जल लाने का सुझाव दिया था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस सुझाव की अनदेखी से स्थिति बिगड़ी है।

तालाब में पानी छोडऩे से पूर्व वार्डवासियों ने पैठू के कैचमेंट एरिया से अतिक्रमण हटाने और पूरी सफाई की मांग की थी, जिसे अनदेखा कर दिया गया। नागरिकों  ने गंदे पानी के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाने और 14 नंबर नाली से अंडरग्राउंड ह्यूम पाइप बिछाकर तालाब में स्वच्छ जल भरने हेतु कलेक्टर एवं नगर पालिका अध्यक्ष से मांग की है।


अन्य पोस्ट