बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 2 अक्टूबर। बलौदाबाजार में कुछ ऑटो चालकों द्वारा बस चालक पर जानलेवा हमले के विरोध में बुधवार दोपहर 2 बजे से जारी बस परिचालकों और वाहन मालिकों की हड़ताल गुरुवार शाम 5 बजे समाप्त हो गई। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई चर्चा के बाद बसों का परिचालन पुन: शुरू कर दिया गया है। वहीं मारपीट के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ बलौदाबाजार के अध्यक्ष मानक ठाकुर ने बताया कि यात्रियों की असुविधा को देखते हुए और प्रशासनिक आश्वासन के बाद हड़ताल को एक सप्ताह के लिए स्थगित किया गया है।
महासंघ की मांगें: बस चालक पर हमला करने वाले सभी आरोपियों की एक सप्ताह के भीतर गिरफ्तारी, बस स्टैंड में ऑटो चालकों के प्रवेश पर रोक तथा ऑटो के लिए पृथक स्टैंड की व्यवस्था। मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
सिटी कोतवाली पुलिस ने बस चालक पर हमला करने वाले मुख्य आरोपी दिलीप मिरी ग्राम मिशन परसाभदेर बलौदाबाजार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा और कपड़े बरामद कर लिए गए हैं।