बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 1 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में हो रही हालिया अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसल और मकान क्षति का तत्काल सर्वे कर राहत प्रकरण तैयार किए जाएं और पात्र प्रभावितों को नियमानुसार शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
गांवों की क्षति-पूर्ति का आंकलन
कलेक्टर ने कहा कि बाढ़ आपदा से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने तहसीलदारों को निर्देशित किया कि पटवारियों के माध्यम से प्रभावित गांवों में जाकर फसल एवं मकान क्षति का मौके पर आकलन कराया जाए। सभी एसडीएम इसकी नियमित और कड़ाई से मॉनिटरिंग करें।
उन्होंने आरबीसी 6-4 के तहत पात्रता अनुसार प्रकरण तैयार कर 15 दिनों के भीतर मुआवजा राशि वितरित कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि राहत कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने तथा शासकीय भवनों और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को हुई क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तत्काल राहत शाखा को भेजने के निर्देश दिए।
लंबित राजस्व प्रकरणों पर भी जताई नाराजगी
बैठक में राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में लंबित त्रुटि सुधार प्रकरणों पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने 100 से अधिक प्रकरण लंबित रखने वाले संबंधित नायब तहसीलदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं डिजिटल क्रॉप सर्वे के शेष खसरों का सर्वे समय पर पूरा करने के लिए पर्याप्त संख्या में सर्वेयर तैनात करने को कहा। प्रशासन के इन निर्देशों से बाढ़ से फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को जल्द राहत और मुआवजा मिलने की उम्मीद बढ़ी है।