बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 30 सितंबर। बलौदाबाजार जिले में करीब तीन दिनों से बारिश थमी हुई हैं। लगातार बारिश और बादलों के दौर के बाद अब मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगा हैं। आसमान से बदल छंटने के साथ सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी हैं। सितंबर के अंतिम दिनों में मौसम के इस बदलाव से बारिश की विदाई और ठंड के आगमन के संकेत मिलने लगे हैं। दिन की अवधि भी अब कम महसूस होने लगी हैं, जबकि शाम जल्दी ढलने के बाद रातें लंबी होने का एहसास होने लगा हैं।
सोमवार को जिले में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी 84 फीसदी तक रही, हालांकि दोपहर में धूप निकलने के कारण उमस और हल्की गर्मी का असर बना रहा। लेकिन सुबह और शाम मौसम अपेक्षाकृत सुनहरा रहा। बारिश का दौर थमने के बाद अब तापमान में अचानक गिरावट के बजाय धीरे-धीरे बदलाव आने की संभावना हैं।
पिछले कई दिनों से जिले में बारिश और बादलों का प्रभाव बना हुआ था। लगातार नमी और बारिश के कारण वातावरण में ठंडक रही, लेकिन अब करीब तीन दिनों से बारिश नहीं हुई हैं। सोमवार को भी आसमान अपेक्षाकृत साफ रहा। शाम के समय हल्की हवा चलने से मौसम में बदलाव महसूस हुआ। बारिश थमने के साथ ही वातावरण में मौजूद नमी धीरे-धीरे कम होने लगी हैं, जिसका असर आने वाले दिनों में तापमान पर दिखाई दे सकता हैं।
दोपहर में अभी उमस, ठंड के लिए करना होगा इंतजार
बारिश थमने के बाद भी दिन के समय मौसम पूरी तरह ठंडा नहीं हुआ हैं। सोमवार दोपहर धूप निकलने के कारण हल्की गर्मी और उमस महसूस हुई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अभी दिन के तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नही हैं। ठंड का असर पहले सुबह और शाम के समय दिखाई देगा। इसके बाद रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का प्रभाव बढ़ सकता हैं।
शाम जल्दी ढलने लगी है, सुबह-शाम ठंडक बढ़ेगी
सितंबर का अंतिम सप्ताह चल रहा हैं। सूर्यास्त का भी का समय भी अब पहले की तुलना में जल्दी हो रहा हैं। शाम होते ही रोशनी कम होने और तापमान में हल्की गिरावट के साथ मौसम में बदलाव साफ नजर आने लगा हैं। ढलते सूरज की सुनहरी रोशनी और साफ होता आसमान बारिश के मौसम की विदाई का संकेत दे रहा हैं। आने वाले दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट के साथ सुबह शाम ठंडक बढऩे की संभावना हैं।
अब धीरे-धीरे बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एमपी थॉमस के अनुसार बारिश का दौर अब अंतिम चरण में हैं। पिछले करीब तीन दिनों से बारिश नहीं हुई है और बादलों का प्रभाव भी काम हुआ हैं। आने वाले दिनों में हवा की दिशा और मौसम की स्थिति में बदलाव के साथ न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ सकती हैं। अभी दिन के तापमान में विशेष कमी की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह और शाम की ठंडक बढऩे लगी हैं।