बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 30 सितंबर। बलौदाबाजार से सिमगा और रवान मार्ग पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही तथा अवैध पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। रिसदा बाईपास चौक से ग्राम ढाबाडीह और सेमहराडीह तक सडक़ के दोनों ओर भारी वाहनों के खड़े रहने से मुख्य मार्ग संकरा हो गया है। रिसदा बाईपास चौक, ढाबाडीह तथा सेमहराडीह मोड़ पर ट्रकों और डंपरों के बेतरतीब खड़े रहने से दृश्यता प्रभावित हो रही है, जिससे मोड़ पर दोपहिया एवं अन्य वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का जोखिम बना रहता है। नियमों के विपरीत भारी वाहनों में प्रेशर हॉर्न का उपयोग किए जाने से राहगीरों, स्कूली बच्चों व स्थानीय निवासियों को ध्वनि प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है।
क्षमता से अधिक माल ले जाने वाले वाहनों के निरंतर आवागमन से बलौदाबाजार-सिमगा वाया ढाबाडीह-सेमहराडीह मार्ग पर बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे सडक़ की स्थिति जर्जर हो गई है।
स्थानीय निवासियों एवं वाहन चालकों ने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस से इन मार्गों पर नियमित गश्त बढ़ाने, अवैध पार्किंग करने वाले चालकों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने तथा प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने की मांग की है।