बलौदा बाजार

स्कूल शिक्षा का 48 दिनों में पाठ्यक्रम पूरा करने का लक्ष्य
30-Sep-2026 3:25 PM
स्कूल शिक्षा का 48 दिनों में पाठ्यक्रम पूरा करने का लक्ष्य

शिक्षकविहीन शालाओं में चलेंगे स्मार्ट बोर्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 30 सितंबर। बलौदाबाजार जिले में स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को बोर्ड तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा विभाग ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। शैक्षणिक सत्र में दिसंबर तक पाठ्यक्रम पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए अब केवल 48 अध्यापन दिवस शेष बचे हैं।

जिन स्कूलों में विषय शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, वहां स्मार्ट बोर्ड, दीक्षा पोर्टल एवं डिजिटल माध्यमों से पढ़ाई कराई जाएगी। अगले माह से भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, जीव विज्ञान और गणित जैसे कठिन विषयों की कक्षाएं संभाग स्तर से लाइव प्रसारित होंगी।

पाठ्यपुस्तकों के बजाय बाजार में उपलब्ध गाइड या कुंजी से अध्यापन कराने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले शिक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कक्षा तीसरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों को हिंदी और अंग्रेजी धाराप्रवाह पढऩे तथा 20 से 25 तक के पहाड़े याद कराने का लक्ष्य तय किया गया है। दिसंबर तक बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्कूलों व शिक्षकों को पुरस्कृत किया जाएगा।

शनिवार को आयोजित होने वाले बैगलेस डे का उपयोग अब ओलंपियाड, एनएमएमएसई, नवोदय और च्प्रयासज् जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए किया जाएगा।

 मध्याह्न भोजन परोसने से पूर्व रसोइये और तत्पश्चात संबंधित शिक्षक द्वारा भोजन चखना अनिवार्य कर दिया गया है। रसोईघर की स्वच्छता और एक्सपायरी डेट वाले मसालों के प्रयोग पर पूर्ण रोक रहेगी।

निजी स्कूलों पर निगरानी: प्रशस्त ऐप का उपयोग न करने, छात्रवृत्ति पोर्टल पर जानकारी अद्यतन करने में देरी करने तथा पाठ्यपुस्तक निगम के बजाय निजी प्रकाशकों की पुस्तकें चलाने वाले गैर-सरकारी स्कूलों की जांच की जाएगी। गड़बड़ी पाए जाने पर मान्यता रद्द करने का प्रस्ताव भेजा जाएगा।

समय पर कोर्स करना प्राथमिकता

बलौदाबाजार के डी.ई.ओ  शिवकुमार गेंदले का कहना है कि दिसंबर तक निर्धारित पाठ्यक्रम पूरा करना हमारी पहली प्राथमिकता हैं। शिक्षकों को गाइड के बजाय ब्लूप्रिंट और पाठ्य पुस्तकों से पढऩे के निर्देश दिए गए हैं। भाषा दक्षता, गणितीय क्षमता और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष जोर हैं।


अन्य पोस्ट