बलौदा बाजार

ट्रक ड्राइवरों-कर्मियों को एड्स से बचाव की दी जानकारी
30-Sep-2026 2:55 PM
ट्रक ड्राइवरों-कर्मियों को एड्स से बचाव की दी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 30 सितंबर। अल्ट्राटेक रावन व्यवसायिक स्वास्थ्य केंद्र, सीएसआर, लॉजिस्टिक एवं शासकीय स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एड्स एवं एचआईवी संक्रमण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु जागरूकता एवं परीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 से ऊपर ट्रक ड्राइवरों एवं कर्मचारियों को एचआईवी/एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान जिला अस्पताल बलौदाबाजार की आईसीटी काउंसलर प्रीति कौशिक एवं एसटीआई काउंसलर राजकुमार चौधरी द्वारा एचआईवी संक्रमण के कारण, संक्रमण के संभावित माध्यम, बचाव के उपाय, प्रारंभिक जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

 प्रतिभागियों को बताया गया कि समय पर एचआईवी जांच एवं उचित चिकित्सकीय परामर्श से व्यक्ति स्वस्थ एवं सामान्य जीवन जी सकता है। साथ ही, एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति किसी भी प्रकार का भेदभाव न करने तथा उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत एचआईवी परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिसमें प्रतिभागियों ने स्वेच्छा से परीक्षण कराया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने एड्स से बचाव एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अल्ट्राटेक रावन से डॉ. श्रीराम एवं डॉ. मंजरी, लॉजिस्टिक हेड आमिया पात्रा, प्रकाश कुमार जेना एवं युगल किशोर शर्मा की उपस्थिति रही।

आयोजन को सफल बनाने में अल्ट्राटेक रावन सीएसआर हेड निरुपा श्रीवास्तव, अधिकारी ज्योस्तना पति एवं रंजय पाण्डेय तथा सीएसआर टीम से सुरेन्द्र यादव, ताराचंद वर्मा, गुमान साहू एवं सुनीता निषाद की सहभागिता रही।


अन्य पोस्ट