बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 28 सितंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलौदाबाजार द्वारा 26 सितंबर को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नालसा की डॉन नशा मुक्त भारत योजना (ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन योजना, 2025) के अंतर्गत आयोजित किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम, नशामुक्ति, पुनर्वास सुविधाओं और प्रभावित परिवारों को विधिक सहायता उपलब्ध कराना था।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गिरीश पाल सिंह ने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले कानूनी, सामाजिक और पारिवारिक दुष्प्रभावों पर जानकारी दी। उन्होंने युवाओं और समाज के कमजोर वर्गों को नशे के प्रति सजग रहने और आवश्यकता पडऩे पर पुनर्वास सेवाओं की मदद लेने पर जोर दिया।
नि:शुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक पाण्डेय ने प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली नि:शुल्क विधिक सहायता और परामर्श सुविधाओं के बारे में बताया। उन्होंने पैरा लीगल वालेंटियर्स को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्रों में नशे से प्रभावित परिवारों से संपर्क कर उन्हें पुनर्वास और कानूनी सहायता से जोड़ें। शिविर में लगभग 50 पैरा लीगल वालेंटियर्स और न्यायालय आए पक्षकारों ने भाग लिया।