बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 17 फरवरी। बलौदाबाजार जिले में अवैध रेत परिवहन को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा जिला टास्क फोर्स के गठन और कार्रवाई के दावों के बीच आरोप है कि बड़े वाहनों के बजाय छोटे वाहनों पर ही अधिक कार्रवाई हो रही है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में राजस्व और खनिज विभाग की टीम ने चार ट्रैक्टरों को अवैध रेत परिवहन के आरोप में जब्त किया। इनमें एक ट्रैक्टर तहसील कसडोल के ग्राम दर्रा से तथा तीन ट्रैक्टर तहसील पलारी क्षेत्र से जब्त किए गए। सभी वाहनों को संबंधित थानों के सुपुर्द किया गया है।
बड़े वाहनों पर सवाल
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि रायपुर जिले के चिखली, कुरूद, हरदी और मुहम्मेला घाटों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में हाईवा वाहन रेत लेकर निकलते हैं और बलौदाबाजार जिले की सडक़ों से होकर गुजरते हैं। आरोप है कि इनमें से कुछ वाहनों के पास वैध रॉयल्टी पर्ची नहीं होती या निर्धारित मात्रा से अधिक रेत का परिवहन किया जाता है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। संबंधित विभागों की ओर से इस पर विस्तृत आधिकारिक आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
राजस्व और सडक़ों को नुकसान का मुद्दा
ओवरलोड परिवहन से राजस्व हानि और सडक़ों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। नागरिकों का कहना है कि दिन-रात रेत लदे वाहन जिले से गुजरते हैं। इस संबंध में आरटीओ, पुलिस और खनिज विभाग की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
इस संबंध में जिला खनिज अधिकारी अवधेश बारिक ने कहा कि विभाग नियमित रूप से वाहन जांच कर रहा है। उनके अनुसार, हाल के दिनों में बिना रॉयल्टी रेत परिवहन करते कुछ हाईवा वाहनों पर भी कार्रवाई की गई है और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के मामलों में शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


