बलौदा बाजार

गांजा तस्करी, तीसरा आरोपी गिरफ्तार
16-Feb-2026 8:40 PM
गांजा तस्करी, तीसरा आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 16 फरवरी। बलौदाबाजार जिले में गांजा तस्करी के एक मामले में पुलिस ने ओडिशा से कथित रूप से आपूर्ति करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस चौकी बया और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, 7 जनवरी 2026 को सूचना के आधार पर ग्राम बार क्षेत्र में घेराबंदी कर सूरज सेन उर्फ परसूराम और फलेश साहू को पकड़ा गया। तलाशी में उनके पास से 7.938 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3,96,900 रुपये बताई गई। साथ ही एक बिना नंबर की स्कूटी और मोबाइल फोन जब्त किया गया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 06/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सप्लाई नेटवर्क की जांच

पुलिस ने पूछताछ, कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन के आधार पर कथित सप्लाई नेटवर्क की जांच आगे बढ़ाई। जांच में संकेत मिला कि गांजा की आपूर्ति ओडिशा से की जा रही थी।

आगे की कार्रवाई में पुलिस ने ओडिशा के बरगढ़ क्षेत्र से कुलमणी साहू उर्फ घसिया को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने पहले गिरफ्तार आरोपियों को गांजा सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। आरोपी को 15 फरवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में अन्य संभावित कडिय़ों की भी जांच की जा रही है। यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कानूनी प्रावधानों के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री दंडनीय अपराध है, जिसमें सजा और जुर्माने का प्रावधान है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।


अन्य पोस्ट