बलौदा बाजार

20 से बोर्ड परीक्षाएं शुरू, बलौदाबाजार में 119 परीक्षा केंद्र बनाए गए
17-Feb-2026 4:03 PM
20 से बोर्ड परीक्षाएं शुरू, बलौदाबाजार  में 119 परीक्षा केंद्र बनाए गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 17 फरवरी। हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल बोर्ड परीक्षा 2025-26 को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। परीक्षा की तारीखें घोषित हो चुकी हैं और अब प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय है। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. संजय गुहे ने, परीक्षा व्यवस्था, केंद्रों की संख्या, परीक्षार्थियों के आंकड़े और बोनस अंकों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इस वर्ष जिले में कुल 27,260 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाई स्कूल के 16,187 और हायर सेकेंडरी के 11,073 परीक्षार्थी हैं। परीक्षा की निष्पक्षता और सुचारु संचालन को लेकर शिक्षा विभाग ने व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

20 और 21 फरवरी से परीक्षाएं

डॉ. संजय गुहे ने कहा, हायर सेकेंडरी यानी 12वीं बोर्ड की परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होगी, जबकि हाई स्कूल यानी 10वीं की परीक्षा 21 फरवरी से प्रारंभ होगी।

10वीं बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च तक चलेगी, वहीं 12वीं बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार सभी विषयों की परीक्षाएं तय समय-सारणी के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं, ऐसे में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षकों की भी जिम्मेदारी बढ़ गई है।

 

पहले दिन 53 केंद्रों के लिए सामग्री वितरण

परीक्षा सामग्री के वितरण की प्रक्रिया 16 फरवरी से शुरू हो चुकी है। पहले दिन बलौदाबाजार से 23 और कसडोल से 30 केंद्रों के लिए परीक्षा सामग्री वितरित की गई। डॉ. गुहे ने बताया कि 16 और 17 फरवरी को पंडित चक्रपाणि शुक्ला स्वामी आत्मानंद स्कूल से परीक्षा सामग्रियों का वितरण किया जा रहा है। यह वितरण पूरी सुरक्षा और निगरानी के बीच किया जा रहा है। इस साल बलौदाबाजार में कुल 119 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें 6 केंद्र हाई स्कूल के और 113 केंद्र हायर सेकेंडरी के लिए निर्धारित हैं. हालांकि केंद्रों की संख्या के इस वितरण पर चर्चा भी हो रही है, लेकिन शिक्षा विभाग का कहना है, परीक्षार्थियों की संख्या और भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए केंद्र तय किए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को अधिक दूरी तय न करनी पड़े।

27 हजार से ज्यादा विद्यार्थी देंगे परीक्षा

हाई स्कूल (10वीं) - 16,187 विद्यार्थी

हायर सेकेंडरी (12वीं) - 11,073 विद्यार्थी

कुल परीक्षार्थी - 27,260

छात्रों की यह संख्या पिछले वर्षों की तुलना में संतुलित मानी जा रही है. शिक्षा विभाग का दावा है कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी छात्र को असुविधा नहीं हो।

परीक्षा सामग्री में क्या-क्या शामिल

विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र, उत्तर पुस्तिकाएं, प्रश्न पत्र (सुरक्षित पैकेजिंग में), उपस्थिति पत्रक, अन्य आवश्यक प्रपत्र सामग्री वितरण के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

 

प्रश्न पत्रों को सीलबंद लिफाफों में रखा गया है और उन्हें निर्धारित समय से पहले खोलने पर सख्त रोक है।

बोनस नंबरों से छात्रों को बड़ी राहत

इस बार 129 विद्यार्थियों को बोनस अंक दिए जाएंगे। हालांकि शिक्षा विभाग का कहना है कि अंतिम सूची के बाद यह संख्या और बढ़ सकती है. बोनस अंक उन विद्यार्थियों को दिए जाते हैं, जिन्होंने खेलकूद, स्काउट-गाइड या अन्य राज्य और राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

खेलकूद की कैटेगरी से आने वाले 64 विद्यार्थियों को बोनस

राज्य और राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2025-26 में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 64 विद्यार्थियों को बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे। इनमें 10वीं के 26 और 12वीं के 38 विद्यार्थी शामिल हैं। इन छात्रों ने जिले का नाम रोशन किया है और अब उन्हें उनकी उपलब्धियों का शैक्षणिक लाभ भी मिलेगा।

स्काउट एंड गाइड के 65 विद्यार्थियों को फायदा

स्काउट एंड गाइड गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 65 विद्यार्थियों को बोनस अंक दिए जाएंगे। 10वीं के 42 विद्यार्थी. 12वीं के 23 विद्यार्थी। राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 10 अंक और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करने वालों को 15 अंक तक का बोनस दिया जाता है। यह प्रावधान विद्यार्थियों को सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करता है।

परीक्षा की निष्पक्षता पर जोर

जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी केंद्रों पर उडऩदस्ता दल सक्रिय रहेगा। केंद्रों में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध रहेगा। नकल रोकने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर केंद्राध्यक्ष और पर्यवेक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, कि वे समय पर प्रश्न पत्र खोलें और परीक्षा का संचालन निर्धारित नियमों के अनुसार करें।

बोर्ड परीक्षा के दौरान अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है। विद्यार्थियों पर अनावश्यक दबाव न डालते हुए उन्हें सकारात्मक माहौल देना जरूरी है। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे अंतिम समय तक विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते रहें और उनकी शंकाओं का समाधान करें।

जिले में परीक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा सामग्री की सुरक्षा, परिवहन व्यवस्था, केंद्रों पर बिजली और पेयजल की सुविधा, बैठने की व्यवस्था और आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा। आवश्यकता पडऩे पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी उपलब्ध रहेगी।


अन्य पोस्ट