बालोद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्लीराजहरा, 19 नवंबर। बालोद जिले के गुरुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरवाही में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 94 वर्षीय बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के बाद मुक्तिधाम से उनकी अस्थियां गायब हो गईं। घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में हडक़ंप मच गया है।
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, गांव में इस तरह की यह तीसरी घटना है, जिससे लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
ग्राम खैरवाही निवासी 94 वर्षीय विद्यावती उर्फ रुक्मणी शर्मा का 12 नवंबर को निधन हो गया था। इसके बाद 13 नवंबर को परिजनों ने गांव के मुक्तिधाम में विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया। परंपरा के अनुसार, 14 नवंबर को परिजन प्रयागराज में अस्थियों के विसर्जन के लिए उन्हें एकत्रित करने मुक्तिधाम पहुंचे। लेकिन वहां का नजारा देखकर वे हैरान रह गए। चिता की राख तो मौजूद थी, लेकिन अस्थियां पूरी तरह गायब थीं। काफी तलाश करने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, खैरवाही गांव में अंतिम संस्कार के बाद अस्थियां गायब होने की यह तीसरी घटना है। बताया जा रहा है कि चिता की राख के पास नारियल भी मिला है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी ।