बालोद

टोल छूट की मांग पर ग्रामीणों का धरना 30 को चक्काजाम की चेतावनी
29-Oct-2026 6:40 PM
टोल छूट की मांग पर ग्रामीणों का धरना 30 को चक्काजाम की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दल्लीराजहरा, 29 अक्टूबर। बालोद जिले के वाहनों को टोल टैक्स से छूट देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जमही टोल प्लाजा के पास धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने स्थानीय वाहनों के निशुल्क आवागमन की सुविधा देने की मांग उठाते हुए कहा कि टोल प्लाजा के कारण आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जिले के स्थानीय निवासियों को जिला अस्पताल, तहसील, स्कूल, बाजार सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए टोल प्लाजा से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में स्थानीय वाहनों से टोल शुल्क लिया जाना उचित नहीं है। उन्होंने जिले के पंजीकृत वाहनों को टोल टैक्स से छूट देने की मांग की।

धरना स्थल पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। तहसीलदार देवेंद्र नेताम जी एवम एस डी ओ अनिल छारी सहित अन्य अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर उनकी मांगों से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने की बात कही।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो 30 अक्टूबर को चक्काजाम किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय वाहनों को राहत देने के लिए स्पष्ट व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, ताकि जिले के निवासियों को अनावश्यक आर्थिक बोझ न उठाना पड़े। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान कर स्थानीय वाहनों के लिए टोल छूट की व्यवस्था लागू की जाए।

सामुदायिक भवन

का भूमिपूजन

महासमुंद, 29 अक्टूबर। वार्ड क्रमांक 26 पंचशील क्लब स्थित आंगनबाड़ी के समीप सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने वार्ड पार्षद पीयूष साहू के साथ विधि.विधान से किया। इस अवसर पर नगर पालिका के सभापति और पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 इस अवसर पर नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी,सभापति जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, सभापति ज्योति चंद्राकर, पार्षद शुभ्रा शर्मा, सीता तोंडेकर, नीरज चंद्राकर, चंद्रशेखर बेलदार, धनेश्वरी सोनवानी, सुनैना ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि हफीज कुरैशी, एल्डरमैन लालविजय सिंह देव, मधु यदु, हनिश बग्गा उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट