बालोद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गुण्डरदेही, 29 अक्टूबर। क्षेत्र में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने से किसानों को भारी क्षति पहुंची है। इस स्थिति को लेकर भूपेन्द्र चन्द्राकर ने शासन-प्रशासन से प्रभावित खेतों का तत्काल सर्वे कराने और पीडि़त अन्नदाताओं को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
किसान भूपेन्द्र चन्द्राकर ने कहा कि बेमौसम बरसात किसानों के लिए आफत बनकर आई है। महीनों की मेहनत और लागत से तैयार फसल पकने के समय बर्बाद हो रही है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने की आशंका है। उन्होंने राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर प्रभावित खेतों का शीघ्र आकलन कराने पर जोर दिया। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के प्रावधानों के तहत पात्र किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि खेतों में गिरी धान की उपज की समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित की जाए और नमी के कारण किसानों को परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक छूट प्रदान की जाए। चन्द्राकर ने कहा कि खेती की बढ़ती लागत और कर्ज के बोझ से किसान पहले ही परेशान हैं। ऐसे में प्राकृतिक आपदा से हुई क्षति उनकी मुश्किलें और बढ़ा रही है। सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रभावित किसानों को तत्काल सहायता उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान से उबरने में राहत मिल सके।