बालोद
5743 किसानों का रकबा शून्य दिखा रहा था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बालोद, 19 नवंबर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से पहले बालोद जिले में किसानों के पंजीकृत रकबे से जुड़ी त्रुटियों को दूर करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। जिले में 5743 किसानों का रकबा समिति मॉड्यूल में शून्य प्रदर्शित हो रहा था। इनमें से 2540 किसानों के रकबे में सुधार किया जा चुका है। शेष किसानों के रकबे में सुधार की प्रक्रिया जारी है।
जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए कुल 1 लाख 58 हजार 572 किसान पंजीकृत हैं। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर शून्य रकबा, पंजीकृत रकबे में कमी और फसल संबंधी त्रुटियों के निराकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके लिए 16 नवंबर से धान खरीदी समितियों के स्तर पर रकबा सुधार का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। खाद्य विभाग के अनुसार 19 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक 2540 किसानों के रकबे में सुधार किया जा चुका था।
जिन किसानों के पंजीकृत रकबे में कमी है या रिकॉर्ड में धान के स्थान पर दूसरी फसल दर्ज है, उनके लिए तहसीलदार मॉड्यूल में भी सुधार की सुविधा दी गई है। जिला प्रशासन ने ऐसे किसानों से संबंधित धान खरीदी समिति या तहसीलदार के पास आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर त्रुटियों का समय रहते निराकरण कराने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि इससे धान बेचने के दौरान होने वाली परेशानी से बचा जा सकेगा और कोई पात्र किसान अपनी उपज बेचने से वंचित नहीं रहेगा।