बालोद
गुण्डरदेही, 28 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को जुंगेरा स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख और प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी संध्या परगनिया ने संगठनात्मक गतिविधियों की दिशा तय करते हुए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिए।
संध्या परगनिया ने आगामी कार्यक्रमों को योजनाबद्ध तरीके से आयोजित करने, संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने मंडल अध्यक्षों, प्रभारियों, संयोजकों एवं अभियान टोली की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखते हुए जनसंपर्क गतिविधियों को गति देने और अभियान के निर्धारित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही।
बैठक का शुभारंभ मां भारती, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन सहित वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर चंदूलाल साहू, अभिषेक शुक्ला, पवन साहू, लेखराम साहू, नरेश यदु, जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव एवं सौरभ लुनिया सहित अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन राकेश छोटू यादव ने किया तथा सौरभ लुनिया ने आभार व्यक्त किया।