बालोद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्ली राजहरा, 29 अक्टूबर। दल्ली राजहरा में पुलिस बनकर बुजुर्ग महिला से ठगी करने का मामला सामने आया है। नगर पालिका के पास वार्ड क्रमांक 04 जाने वाले रास्ते में दो युवकों ने खुद को पुलिस वाला बताकर एक बुजुर्ग महिला से लगभग 2.5 तोला सोने की चेन और लॉकेट, ठग कर फरार हो गए।
प्रार्थिया द्रौपती बाई तिवारी पति स्व. चंपालाल तिवारी राजहरा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे वह अपने घर से बीएसपी अस्पताल दवाई लेने गई थी। करीब 11 बजे अस्पताल से दवाई लेकर वापस घर जा रही थी। जैसे ही वह नगर पालिका के पास वार्ड क्रमांक 04 रोड के पास पहुंची, वहां रोड के किनारे एक लडक़ा मोटर साइकिल पर बैठा था और दूसरा लडक़ा मोटर साइकिल के पास खड़ा था। दोनों ने खुद को पुलिस कर्मी बताते हुए सोने-चांदी चेकिंग का झांसा दिया।
इसी दौरान तीसरा लडक़ा वहां आया जो पहले से चेन पहना हुआ था। ठगों ने उसे चेन निकालने को कहा तो उसने अपनी चेन निकालकर पेपर में लपेट दी।
फिर बुजुर्ग महिला को भी चेन निकालने के लिए दबाव बनाया। महिला ने अपनी सोने की चेन और लॉकेट वजनी करीब 2.5 तोला उतारी, जिसे ठगों ने उसे भी पेपर में लपेटा और महिला को दूसरा पेपर थमाते हुए बोले -जल्दी से बैग में रखो और घर जाओ। जैसे ही महिला आगे जाकर चेन देखी तो पेपर में उसकी चेन नहीं थी। वापस लौटी तो दोनों आरोपी बाइक से फरार हो चुके थे। पुलिस ने किया मामला दर्ज प्रार्थिया की शिकायत पर थाना दल्लीराजहरा में धारा 204, 319(2), 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।