बालोद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गुंडरदेही, 28 अक्टूबर। बालोद जिले की गुंडरदेही पुलिस ने ग्राम बघमरा के वार्ड क्रमांक 01 में खिरिया किराना स्टोर्स के पास करीब 50 हजार रुपये के विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए हैं। मामले में देवेन्द्र कुमार निषाद बघमरा के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि संबंधित स्थान पर बिना वैध दस्तावेजों के पटाखों का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पॉप पटाखे, टाइगर बम, लड़ी, माचिस पटाखे तथा अन्य आतिशबाजी सामग्री जब्त की।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश नाहटा ने कहा,कि त्योहार की खुशियां किसी परिवार के लिए हादसे का कारण नहीं बननी चाहिए। पटाखों के अवैध भंडारण पर कार्रवाई जरूरी है, जांच और निगरानी नियमित होनी चाहिए।
थाना प्रभारी निरीक्षक रवि शंकर पांडे ने कहा कि अवैध रूप से पटाखे रखने और बेचने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों को वैध अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन करना चाहिए। त्योहार के दौरान नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है।