बालोद

दशहरा उत्सव में नपं अध्यक्ष को नहीं मिला निमंत्रण, विवाद
22-Oct-2026 6:52 PM
दशहरा उत्सव में नपं अध्यक्ष को नहीं मिला निमंत्रण, विवाद

गुंडरदेही, 22 अक्टूबर। विजयादशमी के अवसर पर बालोद जिले के नगर पंचायत गुंडरदेही में आयोजित दशहरा उत्सव के दौरान आमंत्रण और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर विवाद की स्थिति सामने आई है। ग्रामवासियों द्वारा आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन को आमंत्रित नहीं किए जाने से उपजा यह मामला स्थानीय राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।

आयोजन समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जसवंत सिन्हा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में केके राजू चंद्राकर को आमंत्रित किया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में आमंत्रण न मिलने के बाद नगर पंचायत के कर्मचारियों की उपस्थिति और उनकी भूमिका को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।

 स्थानीय ग्रामीणों द्वारा इसका विरोध किए जाने की बात भी सामने आई है। इस संबंध में पक्ष जानने के लिए ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता ने संबंधित अधिकारियों और अध्यक्ष से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

इस मामले को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश नाहटा की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने सार्वजनिक कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों के आपसी समन्वय और पद की गरिमा बनाए रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों को प्रतिष्ठा का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।


अन्य पोस्ट