बालोद
गुण्डरदेही, 16 अक्टूबर। बालोद जिले के गुण्डरदेही स्थित पंकज ढाबे के बाहर हुई मारपीट और बीयर की टूटी बोतल से हमले की कथित घटना ने देर रात सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
10 अक्टूबर की रात ग्राम मौखा निवासी मनस्वी साहू अपने साथियों के साथ पंकज ढाबे पर भोजन करने गए थे। रात करीब 11 बजे बाहर निकलने पर आरोपी उद्भव सोनकर, चिरंजीव साहू व अन्य युवकों से उनका विवाद हो गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नशे की हालत में आरोपियों ने अभद्र व्यवहार करते हुए बीयर की टूटी बोतल से हमला किया। इस घटना में मनस्वी साहू, केशरीनंदन साहू, अरुण साहू और योगेश्वर साहू घायल हो गए।
मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 118(1), 118(2), 191(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीकृत किया है। अब मेडिकल रिपोर्ट और निष्पक्ष साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ेगी।