बालोद

बिना अनुमति फर्जी मेडिकल कैंप की तैयारी, 4 पर कार्रवाई
04-Oct-2026 7:48 PM
बिना अनुमति फर्जी मेडिकल कैंप की तैयारी, 4 पर कार्रवाई

7.18 लाख का माल जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दल्लीराजहरा, 4 अक्टूबर। बालोद जिले के ग्राम कोरगुड़ा (पंचायत भवन) में बिना शासकीय अनुमति के फर्जी मेडिकल कैंप लगाने की तैयारी कर रहे 4 व्यक्तियों के खिलाफ बालोद पुलिस ने धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से वाहन सहित भारी मात्रा में दवाइयां, हेल्थ व सप्लीमेंट्री प्रोडक्ट्स जब्त किए हैं।

 1 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम कोरगुड़ा के पंचायत भवन में दबिश दी। मौके पर वाहन (सीजी 07 एक्यू 7352) सहित दवाइयां व हेल्थ सप्लीमेंट्स बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 7,18,597 आंकी गई है। कैंप लगाने संबंधी कोई भी वैध शासकीय अनुमति पत्र प्रस्तुत न करने पर यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई की जद में आए व्यक्तियों में राजेश कुमार कोठारी (40), निवासी ग्राम हरंडडा, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, टी. वेंकटेश राव (47), निवासी हुडको भिलाई, थाना सेक्टर-06 भिलाई, सुरेन्द्र पटेल (29), निवासी ग्राम सिंगारपुर, जिला कबीरधाम तथा मोहित कुमार रक्सेल (38), निवासी करगाडीह, उतई, जिला दुर्ग शामिल हैं।

बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के मेडिकल कैंप या दवाई वितरण की वैधता व अनुमति की पुष्टि अवश्य करें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पुलिस को सूचना दें।


अन्य पोस्ट