बालोद
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
दल्लीराजहरा, 1 अक्टूबर। बालोद पुलिस ने गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। दल्लीराजहरा में विसर्जन के दौरान 9 डीजे साउंड सिस्टम जब्त किए गए तथा कुछ युवकों के हाथों से धारदार कड़े-चूड़े उतरवाकर जब्त किए गए।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक चले विसर्जन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने और देर रात तक तेज आवाज में बजाने पर 9 डीजे जब्त कर अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
भीड़भाड़ में किसी भी अप्रिय घटना या विवाद को रोकने के लिए तलाशी अभियान के दौरान युवकों के पास मिले धारदार कड़े-चूड़े जब्त किए गए।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। नागरिकों ने पुलिस की इस कार्रवाई का समर्थन किया।
बालोद पुलिस ने आम जनता से धार्मिक आयोजनों के दौरान ध्वनि मानकों, सुरक्षा निर्देशों और अनुशासन का पालन करने की अपील की है।