बालोद
दल्लीराजहरा, 25 सितंबर । बालोद जिले के ग्राम पथराटोला में बुधवार को तेज बारिश और गर्जना के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं तीन अन्य महिलाएं गंभीर रुप से घायल हो गई। घायलों को ग्रामीणों की मदद से ज्योति अस्पताल चिखलाकसा (दल्लीराजहरा) में भर्ती कराया गया है।
बुधवार को पथराटोला की चार महिलाएं खेत में काम कर रही थीं। तभी दोपहर में तेज बारिश और गर्जना के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से चार महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं। इस हादसे में जहां अनुसुइया बाई पति ज्योति राम मसिया की मौके पर ही मौत हो गई वहीं कलिन्द्री बाई पति जगन्नाथ पिस्दा और रामेश्वरी बाई सहारे पति बीरबल सहारे व शिव बाई पति स्व. उत्तम कोठारी गंभीर रुप से घायल हो गई।
तीनों घायल महिलाओं को परिजनों व ग्रामीणों ने ज्योति हॉस्पिटल चिखलाकसा (दल्लीराजहरा) में भर्ती कराया, जहां पर तीनों महिलाओं का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरु कर दी। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।