बालोद

नपा अध्यक्ष ने बीएसपी की 130 एकड़ अनुपयोगी भूमि राजस्व विभाग को हस्तांतरित करने सांसद को सौंपा ज्ञापन
20-Sep-2026 6:15 PM
नपा अध्यक्ष ने बीएसपी की 130 एकड़ अनुपयोगी भूमि राजस्व विभाग को हस्तांतरित करने सांसद को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दल्लीराजहरा, 20 सितंबर। नगरपालिका परिषद दल्लीराजहरा के अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने भानुप्रतापपुर विश्राम गृह में कांकेर सांसद भोजराज नाग से मुलाकात कर बीएसपी (भिलाई स्टील प्लांट) की 130 एकड़ अनुपयोगी भूमि को छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व विभाग में हस्तांतरित कराने के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के अनुसार, बालोद जिले के दल्लीराजहरा नगरपालिका अंतर्गत वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 5, 7, 9, 10, 13, 16, 17 एवं 23 में स्थित बीएसपी की भूमि पर 15,000 से अधिक की आबादी विगत कई दशकों से निवासरत है।

ज्ञापन में बताया गया कि 8 मार्च 1993 को बीएसपी माइंस अधिकारियों द्वारा 400 एकड़ अनुपयोगी भूमि का सर्वेक्षण किया गया था, जिसमें से 270 एकड़ भूमि राजस्व विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी है, जबकि शेष 130 एकड़ भूमि हस्तांतरण हेतु लंबित है।

नपा अध्यक्ष ने उल्लेख किया कि भूमि हस्तांतरित न होने के कारण नगरीय क्षेत्र में मूलभूत नागरिक सुविधाओं एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु बीएसपी से अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त करना अनिवार्य होता है।

ज्ञापन प्राप्त करने के पश्चात सांसद भोजराज नाग ने उक्त विषय पर केंद्रीय इस्पात मंत्रालय एवं स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के उच्च अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


अन्य पोस्ट