बालोद

चैंबर ऑफ कॉमर्स का निर्णय, 28 को कारोबारियों के लिए विशेष जीएसटी कार्यशाला
26-Jul-2026 6:03 PM
चैंबर ऑफ कॉमर्स का निर्णय, 28 को कारोबारियों के लिए विशेष जीएसटी कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दल्लीराजहरा, 26 जुलाई। व्यापारियों की सुविधा के लिए  दल्लीराजहरा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री,दल्लीराजहरा व्यापारी संघ,अनाज किराना व्यापारी संघ की  महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक में व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा निर्णय लिया गया है। बाजार में आ रही तकनीकी दिक्कतों और कर प्रणाली (जीएसटी) से जुड़ी उलझनों को दूर करने के लिए आगामी 28 तारीख को एक विशेष जीएसटी कार्यशाला का आयोजन सिंधी धर्मशाला में सुबह 11.30  तय किया गया है।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा नियमों में किए जा रहे बदलावों और ई-इनवॉइसिंग जैसे डिजिटल प्रावधानों की सही जानकारी न होने के कारण छोटे व मध्यम व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह कार्यशाला इन सभी समस्याओं का समाधान करेगी।

चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अमित कुकरेजा ने बैठक के बाद  कहा, हमारा उद्देश्य व्यापार को आसान बनाना है।

 कई बार जानकारी के अभाव में व्यापारियों पर जुर्माना लग जाता है। हम चाहते हैं कि इस कार्यशाला के माध्यम से हर छोटा-बड़ा व्यापारी आत्मनिर्भर और कर-अनुपालक बन सके।  चैंबर ने क्षेत्र के सभी व्यापारियों, उद्योगपतियों और कर सलाहकारों से अनुरोध किया है कि वे 28 तारीख को होने वाली इस कार्यशाला में अपनी समस्याओं की सूची के साथ अधिक से अधिक संख्या में भाग लें।

कार्यशाला के मुख्य उद्देश्य और एजेंडा

जीएसटी के तहत हाल ही में हुए संशोधनों और इनपुट टैक्स क्रेडिट के नए नियमों पर चर्चा। विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन: कार्यशाला में प्रख्यात चार्टर्ड अकाउंटेंट  चेतन तारवानी और वाणिज्यिक कर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे, जो सीधे व्यापारियों के सवालों के जवाब देंगे।

रिटर्न दाखिल करते समय होने वाली आम गलतियों और पेनल्टी से बचने के उपायों की लाइव जानकारी दी जाएगी। एवम व्यापारी अपने सवालों का जवाब पा सकेंगे। जीएसटी अपीलीय ट्रिब्यूनल और नोटिसों का सही तरीके से जवाब देने की प्रक्रियाओं को समझाया जाएगा।


अन्य पोस्ट