बालोद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्लीराजहरा, 24 जुलाई। तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर दल्लीराजहरा में देखने को मिला। बुधवार की देर रात हिंदू होटल के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले सडक़ किनारे रखे टायरों से टकराई और इसके बाद बिजली के खंभे से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार, डौंडी के बंधियापारा निवासी रणजीत सिंह पाटिल अपने परिवार के साथ ग्राम चिपरा में आयोजित चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से वापस लौटते समय बुधवार रात करीब 12.15 से 12.30 बजे के बीच हिंदू होटल के पास उनकी कार क्रमांक सीजी 07 बीएम 1040 तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर गलत दिशा में चली गई।
कार पहले दुकान के पास रखे टायरों से टकराई और फिर नाली को पार करते हुए सडक़ किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का खंभा मुड़ गया और कार के एयरबैग भी खुल गए। इस हादसे में कार में सवार 21 वर्षीय शारदा पाटिल पिता पुरुषोत्तम पाटिल, की मौके पर ही मौत हो गई। शारदा बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी और चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। बताया जा रहा है कि वह दुल्हन की मौसी की बेटी थी।
हादसे में कार सवार रणजीत सिंह पाटिल (55), निवासी बंधियापारा डौंडी, ममता पति भादूराम (40), निवासी साल्हेटोला लोहारा, नीतू पिता रणजीत (35), रंजना रावटे (22), निवासी ग्राम कोचेरा लोहारा और मेघा ठाकुर (21), निवासी डोंगरगांव मामूली रूप से घायल हुए।
हादसे के बाद मृतका और घायलों को स्थानीय शहीद अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद घायलों को छुट्टी दे दी गई, जबकि मृतका के शव को मर्चुरी में रखवा दिया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।