बालोद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्लीराजहरा, 22 जुलाई। जिला स्तरीय समिति की निगरानी में जब्त मादक पदार्थों का भिलाई स्टील प्लांट में नष्टीकरण हुआ। ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में जिला आबकारी अधिकारी पलक नन्द ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्यवाही सतत जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण बालोद के मार्गदर्शन में जिले में जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित एवं विधिवत् नष्टीकरण हेतु जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति का गठन किया गया है। उक्त समिति के निर्देशन में 21 जुलाई को एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए नार्कोटिक्स एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया।
इस कार्यवाही में धारा 20-बी एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कुल 17 प्रकरणों में जप्त मादक पदार्थों का निपटान किया गया, जिसमें कुल 227.155 किलोग्राम गांजा एवं नशीली दवाइयों में 12,000 टेबलेट्स एवं 2,880 कैप्सूल्स (कुल 14,880 नग) शामिल हैं। इन जप्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 29,52,275 है। नष्टीकरण की यह प्रक्रिया जिला दुर्ग अंतर्गत थाना भिलाई भट्टी क्षेत्र स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-3 यूनिट के भरमीकरण यंत्र में विधिवत् जलाकर संपन्न की गई।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष किरण गंगाराम चव्हाण, पुलिस अधीक्षक, जिला बालोद द्वारा किया गया। उनके साथ समिति की सदस्य मोनिका ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला बालोद तथा पलक नंद, जिला आबकारी अधिकारी सहित अन्य सदस्यों एवं पंचों की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता एवं विधिक प्रावधानों के अनुरूप संपन्न हुई।